लगातार बारिश के बीच नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन हाई अलर्ट, सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में बाढ़ नियंत्रण व्यवस्था सक्रिय।

प्रदेश में भारी बारिश, गंगरेल के 14 गेट खुलने से महानदी का जल स्तर और बढ़ा, हीराकुंड के 16 गेट खुले,
कलमा बैराज के 66 गेट खुले, शाम 4 बजे जलस्तर 195.85 मीटर; संवेदनशील क्षेत्रों में मुनादी, मैदानी अमला लगातार निगरानी में, स्थिति नियंत्रण में

सारंगढ़ बिलाईगढ़/कलेक्टर ने एसडीएम, जल संसाधन विभाग और सभी एसडीएम तहसीलदारों की वर्चुअल बैठक लेकर लगातार बारिश और बाढ़ की स्थिति समीक्षा की
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच नदी-नालों और जलाशयों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला प्रशासन ने बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने के लिए निगरानी और नियंत्रण व्यवस्था को सक्रिय कर दिया है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदारों और संबंधित मैदानी अमले को संवेदनशील एवं निचले क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला मुख्यालय के साथ तहसील एवं विकासखंड स्तर पर भी बाढ़ नियंत्रण व्यवस्था सक्रिय रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में सूचना और सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जा सके।