छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

खुली नाली से हादसे का खतरा।
भारत माता चौक में बड़ा गड्ढा, दुर्घटना को दे रहा न्योता।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला मुख्यालय सारंगढ़ के भारत माता चौक में सड़क किनारे खुली पड़ी बड़ी नाली और गड्ढा राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस जगह पर कई बार लोग हादसे का शिकार होते-होते बचे हैं।

हादसे की आशंका को देखते हुए यहां बेरीकेट तो लगाया गया है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं किया गया है। इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों के साथ राहगीरों का आवागमन होता है। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों का भी इसी मार्ग से आना-जाना लगा रहता है।

खुली नाली और गड्ढे के कारण विशेषकर रात के समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। नगरवासियों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द नाली को सुरक्षित तरीके से ढकने और सड़क की स्थिति दुरुस्त कराने की मांग की है।

अब देखना होगा कि नगर प्रशासन इस समस्या को लेकर कब तक ठोस कदम उठाता है और संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए क्या कार्रवाई की जाती है।