sarangarh

सारंगढ़-बिलाईगढ़: शिक्षा का मंदिर बना तालाब, जलजमाव से बच्चों की पढ़ाई पर संकट

सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सारंगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम साल्हे स्थित शासकीय विद्यालय में बारिश के बाद गंभीर जलजमाव की स्थिति बन गई है। स्कूल परिसर पूरी तरह पानी से भर जाने के कारण विद्यार्थियों और शिक्षकों को स्कूल आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के दौरान विद्यालय परिसर किसी तालाब जैसा नजर आता है। छोटे-छोटे बच्चों को पानी से होकर कक्षाओं तक पहुंचना पड़ता है, जिससे उनके फिसलने, चोट लगने या अन्य दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। जलभराव के कारण पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है और अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी संबंधित जिम्मेदारों को पहले भी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है, या फिर समय रहते इस गंभीर समस्या का निराकरण करेगा?
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि विद्यालय परिसर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

विद्यालय परिसर साल्हे