प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना (PMDDKY) का शुभारंभ

सारंगढ़- बिलाईगढ़ । भारत सरकार ने कृषि उत्पादकता और ग्रामीण समृद्धि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना (PMDDKY) के तहत 100 आकांक्षी कृषि ज़िलों की घोषणा की है । कृषि को आसान, आधुनिक और अधिक लाभदायक बनाने के लिये केंद्रीय बजट 2025 में PMDDKY की घोषणा की गई है । माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा 11 अक्टूबर 2025 को एन.ए.एस.सी. काम्प्लेक्स, पूसा, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले पी.एम.धन धान्य कृषि योजना, पल्सेस मिशन एवं अन्य योजनाओं का शुभारंभ किया गया ।
PMDDKY के लिये कोई अलग बजटीय आवंटन नहीं है, यह 11 विभागों की 36 मौजूदा योजनाओं के बजट को एकीकृत करता है, जिनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (नकद हस्तांतरण), प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (फसल बीमा) और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (सिंचाई) शामिल हैं । इसका वार्षिक परिव्यय 2025-26 से 2030-31 तक 24,000 करोड़ रुपए है, जो कुल मिलाकर 1.44 लाख करोड़ रुपए है । बजट में लगभग 40% सब्सिडी के लिये, 30% बुनियादी ढाँचे के लिये, 20% ऋण के लिये तथा 10% प्रशिक्षण और बाज़ार समर्थन के लिये निर्धारित किया गया है। योजना के मुख्य उद्देश्य कृषि उत्पादकता और किसान आय में वृद्धि करना । फसल विविधीकरण और संधारणीय कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना । कटाई के बाद भंडारण और मूल्य संवर्द्धन का विस्तार करना । आय के स्रोतों में विविधता लाने के लिये महिलाओं, युवाओं और संबद्ध क्षेत्रों (जैसे, डेयरी, मत्स्यन, कुक्कुट पालन) को समर्थन देना । आयात पर भारत की निर्भरता कम करने के लिये खाद्यान्न, दलहन और तिलहन में आत्मनिर्भरता प्राप्त करना । सिंचाई के बुनियादी ढाँचे को मज़बूत करना और दीर्घकालिक एवं अल्पकालिक दोनों कृषि ऋणों तक पहुँच में सुधार करना ।
जिले में प्रधानमंत्री धन धान्य योजना के शुभारंभ दिवस में दिनांक 11.10.2025 को प्रातः 11 बजे से कार्यक्रम आयोजित किए जाने हेतु संचालक कृषि के आदेश एवं डॉ. संजय कनौजे कलेक्टर जिला- सारंगढ़- बिलाईगढ़ के निर्देश तथा मार्गदर्शन पर जिला, विकासखंड, ग्राम पंचायत स्तर एवं जिले के सेवा सहकारी समितियों में कार्यक्रम आयोजन किया गया है । जिला स्तर पर कार्यालय कृषि उपज मंडी में कार्यक्रम आयोजित किया गया कार्यक्रम में श्री आशुतोष श्रीवास्तव उप संचालक कृषि, श्री सीता राम पटेल अध्यक्ष भारतीय किसान संघ ननकी दाउ साहू संरक्षक भारतीय किसान संघ एवं कृषक गण शामिल हुए । सारंगढ़ विकासखंड मुख्यालयों में आयोजित कार्यक्रम में श्री दीपक कुमार बंजारे वरिष्ट कृषि विकास अधिकारी एवं विकासखंड के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी तथा कृषक गण समिलित हुए । विकासखंड बरमकेला का कार्यक्रम जनपद सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में श्री अजय जवाहर नायक उपाध्यक्ष जिला पंचायत सारंगढ़-बिलाईगढ़, डॉ. अभिलाषा कैलाश नायक अध्यक्ष कृषि स्थाई समिति जिला पंचायत, श्री बसंत कुमार नायक वरिष्ट कृषि विकास अधिकारी, श्रीमती शारदा पैकरा बीज प्रक्रिया प्रभारी श्री मुकेश चौधरी प्रगति शील कृषक बरमकेला अंचल के स्थानीय जन प्रतिनिधि एवं कृषक गण को वेब कास्ट के माध्यम से जोड़ा गया ।
प्रत्येक क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी द्वारा कृषकों को उनके क्षेत्र के ग्राम पंचायतों एवं सहकारी समितियों में इस कार्यक्रम का अवलोकन कराया गया । इस आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में लगभग 788 कृषकों को वेब कास्ट के द्वारा माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के उदबोधन से जोड़ा गया ।



