छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

पुलिस के संरक्षण में नहीं चलेगा जुआ, सट्टा और शराब : शशिमोहन सिंह

रायगढ़ के नए एसएसपी ने कहा – जिले की कानून व्यवस्था बनाना प्राथमिकता

रायगढ़ कला और संस्कारधानी नगरी यानी रायगढ़ के 21 वें पुलिस कप्तान की कमान सम्हाल रहे शशिमोहन सिंह ने पत्रकार वार्ता में कहा कि पुलिस के संरक्षण में जुआ, सट्टा, शराब नहीं चलेगा। अगर कोई भी खाकी वर्दीधारी ऐसे गुनाहों को प्रश्रय देगा तो उसकी खैर नहीं।
पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस कॉंफ्रेंस में एसएसपी शशिमोहन सिंह ने कहा कि आम जनता और पुलिस के बीच सेतु बनकर मधुर संबंध स्थापित करना और जिले की कानून व्यवस्था बनाना मेरी प्राथमिकता है। जिले में बेहतर पुलिसिंग मेरी कार्यशैली है। अपराध को रोकना और अपराधियों को सजा दिलाना हमारा काम है, ऐसे में कम्युनिटी पुलिसिंग द्वारा योजनाबद्ध तरीके से पब्लिक से जुड़ना ही समय की मांग है। पुलिस और जनता के लिए सायबर फ्रॉड चैलेंज है, चूंकि इसमें हाईटेक टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल होता है, लिहाजा जागरूकता ही इसमें बचाव का बेहतर विकल्प है।
एसएसपी सिंह ने यह भी कहा कि रायगढ़ जिले जैसे इंडस्ट्रियल बेल्ट में यातायात सुधार के लिए कलेक्टर मंत्री से चर्चा होगी। अंचल में संचालित स्पा सेंटरों की सच्चाई खंगाली जाएगी। जिले के थाना-चौकियों में लंबे समय से काबिज पुलिस कर्मियों पर तबादले की गाज गिरेगी। पुलिस के संरक्षण में जुआ, सट्टा, शराब नहीं चलेगा। कहीं शिकायत हो तो मुझे बताएं।दोषियों पर कार्यवाही होगी।