छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

बालपुर में जनआक्रोश: 14 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना तेज, पूर्व संसदीय सचिव चंद्रदेव राय ने दिया समर्थन

सारंगढ़-बिलाईगढ़। बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र की वर्षों पुरानी जनसमस्याओं और अधूरे विकास कार्यों को लेकर बालपुर बाजार चौक में शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन अब जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन के समक्ष 14 सूत्रीय मांगों को रखते हुए स्पष्ट किया है कि जब तक इन मांगों पर ठोस और समयबद्ध कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना स्थल पर पूर्व संसदीय सचिव एवं पूर्व विधायक चंद्रदेव राय भी पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों से मुलाकात कर उनकी मांगों का समर्थन किया और कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों का शीघ्र समाधान होना चाहिए। उन्होंने शासन से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की मांग की।
धरना प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना है कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और प्रशासनिक सुविधाओं के अभाव में क्षेत्र की जनता लंबे समय से कठिनाइयों का सामना कर रही है। कई बार मांग उठाने के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ी है।
आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में सरसीवां–पेंड्रावन–सरधाभाठा–बालपुर–कोसीर मार्ग का निर्माण एवं मरम्मत, स्वामी आत्मानंद विद्यालय भवन का निर्माण, जर्जर सड़कों का नवीनीकरण, 132 केवी विद्युत ट्रांसमिशन परियोजना, एसडीएम एवं तहसील कार्यालय भवन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला सहकारी बैंक की शाखाओं की स्थापना, सिंचाई परियोजनाओं का विस्तार, पुल-पुलियों का निर्माण, शासकीय महाविद्यालय की स्थापना तथा विभिन्न जल प्रदाय योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करना शामिल है।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी मांगों पर जल्द निर्णय लेने और विकास कार्यों को तत्काल शुरू करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगों की लगातार अनदेखी की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।