छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

रबी सीजन 2026-27 से टोकन के माध्यम से मिलेगा रासायनिक खाद, कृषि विभाग ने दिया प्रशिक्षण

सारंगढ़-बिलाईगढ़। रबी सीजन 2026-27 से किसानों को रासायनिक खाद उपलब्ध कराने के लिए टोकन आधारित नई व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके तहत किसान मोबाइल ऐप Framework for Fertilizer Sales (FFS) के माध्यम से टोकन बनाकर अपने नजदीकी विक्रय केंद्र से उचित मूल्य पर खाद प्राप्त कर सकेंगे।

इस व्यवस्था के सुचारू क्रियान्वयन के लिए 8 अक्टूबर 2026 को संचालनालय कृषि, छत्तीसगढ़, रायपुर द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ से उप संचालक कृषि  आशुतोष श्रीवास्तव नोडल अधिकारी के रूप में शामिल हुए। वहीं  जयप्रकाश गुप्ता, कृषि विकास अधिकारी एवं  लोकेश्वर देवांगन, सहकारिता विस्तार अधिकारी ने मास्टर ट्रेनर के रूप में भाग लिया।

प्रशिक्षण में  उमेश कुमार साहू, कृषि विकास अधिकारी,  संतोष पैकरा एवं  बोधराम सतनामी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। मार्कफेड की ओर से डीएमओ के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। किसानों को नई प्रक्रिया की जानकारी देने के उद्देश्य से प्रगतिशील कृषक  खीरसागर पटेल, सारंगढ़ एवं  मुकेश चौधरी, बरमकेला को भी प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान FFS ऐप पर किसान पंजीयन, टोकन निर्माण, खाद का चयन, वितरण और विक्रय प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। कृषि विभाग के अनुसार, जिले में मैदानी अमले और किसानों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही समाचार पत्रों, मीडिया, पर्चों, बैनर और पोस्टर के माध्यम से नई व्यवस्था का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।