सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, सहायक शिक्षक निलंबित

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर जांच, डीईओ जे. आर. डहरिया ने अनुशासनहीनता पर सख्ती के दिए संकेत
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 03 सितम्बर 2026।
सीएम हेल्पलाइन पोर्टल में दर्ज शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई की है। जांच में प्रथम दृष्टया अनियमितता पाए जाने पर श्री किशोर कुमार छत्तर, सहायक शिक्षक, शासकीय प्राथमिक शाला सेमरापाली, विकासखण्ड बरमकेला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जांच प्रतिवेदन एवं उपलब्ध अभिलेखों में अनधिकृत अनुपस्थिति, अध्यापन कार्य में लापरवाही, उपस्थिति पंजी से संबंधित अनियमितता तथा विद्यालयीन अनुशासन प्रभावित होने संबंधी तथ्य सामने आए। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा नियमानुसार निलंबन की कार्रवाई की गई।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सीएम हेल्पलाइन एवं अन्य जनशिकायतों का संवेदनशीलता और तत्परता से निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की शिक्षा एवं शासकीय कार्यों में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे. आर. डहरिया ने जिले के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को नियमित उपस्थिति, समयपालन और कर्तव्यनिष्ठा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लापरवाही एवं अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
