छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

सक्ती मे नकली नोट छापने और खपाने का मामला: सारंगढ़ क्षेत्र के दो आरोपी गिरफ्तार

हसौद में दुकान पर नकली नोट चलाने पहुंचे थे आरोपी; कलर प्रिंटर, नोट छापने के फ्रेम और वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी जब्त, 17,500 रुपये के जाली नोट बरामद

सक्ती जिले के हसौद थाना क्षेत्र में नकली नोट छापने और बाजार में खपाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 100 और 500 रुपये के कुल 79 नकली नोट, जिनकी कुल कीमत 17,500 रुपये है बरामद किए हैं। इसके अलावा नकली नोट छापने में इस्तेमाल किया गया कलर प्रिंटर, नोटों के लिए तैयार किए गए फ्रेम, अन्य सामग्री और वारदात में प्रयुक्त नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश कुमार आदित्य (36 वर्ष) और संजय आदित्य (30 वर्ष), दोनों निवासी कहरापारा ग्राम कोसीर थाना कोसीर जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई है।

दुकानदार ने नकली नोट पहचानकर दी थी सूचना

मामले की शुरुआत 23 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे हुई, जब नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 13 AZ 9089 से दो व्यक्ति हसौद के बजरंग चौक स्थित डेली नीड्स की दुकान पर पहुंचे। शिकायतकर्ता ओम साहू (19 वर्ष) के अनुसार, दोनों व्यक्ति दुकान में नकली नोट चलाने आए थे। दुकानदार ने नोट को जाली पहचान लिया, जिसके बाद दोनों आरोपी वहां से वापस लौट गए।

इसके बाद 27 अक्टूबर 2026 को ओम साहू ने थाना हसौद पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर आरोपियों की तलाश तेज की गई।

घर में कलर प्रिंटर से छापे थे नकली नोट

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस चंद्रपुर (डभरा) सुमित गुप्ता के मार्गदर्शन में हसौद पुलिस की टीम ने जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के ग्राम कोसीर में दबिश दी। पुलिस ने संदेह के आधार पर नरेश कुमार आदित्य और संजय आदित्य से पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि संजय आदित्य के घर में रखे कलर प्रिंटर की मदद से चार-पांच दिन पहले 100 और 500 रुपये के कुल 80 नकली नोट छापे गए थे। इन नोटों में से कुछ को बाजार में चलाने के उद्देश्य से दोनों आरोपी 23 अक्टूबर को एक्टिवा स्कूटी से हसौद पहुंचे थे। हालांकि, दुकानदार द्वारा नोट पहचान लिए जाने के बाद वे वापस लौट गए।

नकली नोटों के साथ छपाई में इस्तेमाल सामग्री जब्त

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 100 और 500 रुपये के कुल 79 नकली नोट, जिनकी कुल कीमत 17,500 रुपये बताई गई है, जब्त किए। इसके साथ एक कलर प्रिंटर, एक स्केल, एक कटर, गोंद का एक डिब्बा, हरे रंग का चमकीला टेप, ए-4 आकार के फोटो पेपर, 500 और 100 रुपये के नोटों की छपाई के लिए तैयार किए गए दो फ्रेम तथा अन्य सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 13 AZ 9089 भी जब्त की है।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 178, 179, 180, 181 एवं 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए 28 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।