छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

छात्राओं से दुर्व्यवहार के आरोप में 3 शिक्षकों पर बड़ी कार्रवाई, 2 निलंबित, 1 की सेवा समाप्ति की अनुशंसा

छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से शिक्षा विभाग को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। जिले के बरमकेला स्थित पीएमश्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार, मानसिक प्रताड़ना और अमर्यादित आचरण की शिकायतों पर शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले की जांच के बाद तीन शिक्षकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की गई है। इनमें दो शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक व्यावसायिक शिक्षक की सेवा समाप्ति की अनुशंसा की गई है। जांच समिति की 27 अक्टूबर 2026 को सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

पहला मामला – व्याख्याता दयासागर चौहान निलंबित


विद्यालय में पदस्थ व्याख्याता दयासागर चौहान पर छात्राओं को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने तथा उनके प्रति अपमानजनक और अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करने के आरोप लगे थे। शिकायतों की जांच के बाद विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

दूसरा मामला – सहायक शिक्षक ठाकुर राम चौहान भी निलंबित

वहीं विद्यालय के सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) ठाकुर राम चौहान पर छात्राओं ने अनुचित दृष्टि से देखने, अनावश्यक रूप से समीप आने का प्रयास करने, सीटी बजाने और गाना गाते हुए गुजरने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इन शिकायतों के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने निलंबन की कार्रवाई की है।

तीसरा मामला – हरीश चंद्राकर की सेवा समाप्ति की अनुशंसा

कार्रवाई के तीसरे मामले में विद्यालय के व्यावसायिक शिक्षक हरीश चंद्राकर के खिलाफ भी छात्राओं ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन पर छात्राओं को अनुचित नजर से देखने, उनके पास आने का प्रयास करने और शिक्षक दिवस यानी 5 सितंबर को कथित रूप से शराब पीकर विद्यालय आने तथा दुर्व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। जांच समिति की रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने के बाद उनकी सेवा समाप्ति की अनुशंसा की गई है।