sarangarh

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भीखमपुरा में किया प्रधानमंत्री आवास का लोकार्पण, ग्रामीणों से किया संवाद

सारंगढ़-बिलाईगढ़ |
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया क्षेत्र स्थित भीखमपुरा गांव का दौरा किया। मुख्यमंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं बाजा-गाजा के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने महादेव नगर सपेरा बस्ती के हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास का लोकार्पण किया तथा विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्मित आवासों का निरीक्षण कर गुणवत्ता का भी जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया और जन चौपाल में शामिल होकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान महिलाओं से महतारी वंदन योजना के संबंध में जानकारी ली, जिस पर महिलाओं ने योजना का लाभ नियमित रूप से मिलने की बात कही।
जन चौपाल में मुख्यमंत्री ने किसानों से खाद उपलब्धता एवं कृषि संबंधी समस्याओं पर चर्चा की। साथ ही उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से उनका लाभ लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।