घरघोड़ाछत्तीसगढ़रायगढ़

टेंडा नावापारा हत्या कांड : मात्र 3 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, आरक्षक हरीश पटेल को मिला सम्मान

घरघोड़ा । रायगढ़
घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम टेंडा नावापारा में हुई हत्या की वारदात में पुलिस ने सराहनीय तत्परता दिखाते हुए महज तीन घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस सफलता में आरक्षक हरीश पटेल की प्रमुख भूमिका रही, जिन्हें उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल द्वारा प्रशस्ति पत्र व नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक के दौरान एसपी श्री पटेल ने बीते माह की प्रमुख उपलब्धियों की समीक्षा की। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। उन्होंने श्याम मंदिर एवं होंडा शोरूम में हुई चोरियों के खुलासे, “मुस्कान अभियान” के तहत नाबालिगों की बरामदगी, पॉक्सो प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई तथा खरसिया व घरघोड़ा क्षेत्र में अपराधों के शीघ्र निराकरण की सराहना की।

टेंडा नावापारा हत्या कांड की जानकारी मिलते ही घरघोड़ा पुलिस हरकत में आई और आरक्षक हरीश पटेल के नेतृत्व में की गई त्वरित कार्रवाई से आरोपी को पकड़ लिया गया। आरक्षक पटेल ने सटीक सूचनाओं, तकनीकी संसाधनों और स्थानीय नेटवर्क का कुशल उपयोग कर आरोपी की घेराबंदी सुनिश्चित की।

एसपी दिव्यांग पटेल ने कहा कि, “ऐसी त्वरित कार्रवाई से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ता है। आरक्षक हरीश पटेल की सतर्कता व निष्ठा अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणादायक है।”

रायगढ़ पुलिस की मुस्तैदी और संवेदनशीलता का यह उदाहरण दर्शाता है कि जनसुरक्षा को लेकर पुलिस बल पूरी तरह सजग और समर्पित है।

रिपोर्टर – सुनील जोल्हे