
रायगढ़ : धरमजयगढ़ थाना अंतर्गत खम्हार गांव से एक दुखद खबर सामने आई है। जहाँ एक युवक की मौत जहरीले सांप के डसने से हो गई। इस मामले में मिली जानकारी अनुसार युवक धर्मेंद्र पाल खम्हार बस स्टैंड में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है, जहां रोज़ की तरह काम खत्म कर वह रात लगभग 9 बजे घर लौटा। ग्रामीणों के बताए अनुसार जैसे ही युवक घर पहुंचा, उसी दौरान उसे करैत सांप ने डस लिया। लेकिन हैरत की बात यह रही कि युवक को तत्काल सांप के डसने का एहसास नहीं हुआ। कुछ ही देर में जब पैर की अंगुली में सूजन बढ़ने लगी और तबीयत बिगड़ने लगी, तो घर वालों को सांप के काटने की आशंका हुई। इसके बाद घर में खोजबीन करने पर करैत सांप दिखाई दिया, जिससे स्थिति की गंभीरता समझ में आई। जिसके बाद परिजन तत्काल युवक को सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ लेकर पहुंचे, जहाँ प्राथमिक उपचार किया गया। लेकिन हालत गंभीर होते देख चिकित्सकों ने रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन दुर्भाग्यवश, युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक घटना से खम्हार गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।