31 लाख की बैंक से फर्जी निकासी 3 आरोपी गिरफ्तार

सारंगढ़-बिलाईगढ़ /जिले में एक बार फिर महाठग शिवा साहू का नाम सुर्खियों में है। होल्ड किए गए बैंक खाते से फर्जी तरीके से करीब 31 लाख रुपये की निकासी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कथित महाठग शिवा साहू की मंगेतर रितु साहू, रितु साहू के पिता चंद्रहास साहू, और सहयोगी डिगम जोल्हे शामिल हैं।
तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
दरअसल, यह पूरा मामला रायकोना निवासी कुख्यात ठग शिवा साहू से जुड़ा हुआ है। शिवा साहू पर लोगों को रकम ढाई गुना करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है। इस मामले में पहले ही पुलिस महाठग शिवा साहू समेत कई आरोपियों को रिमांड पर भेज चुकी है । जांच के दौरान पुलिस ने शिवा साहू की करोड़ों की संपत्ति, सोना-चांदी, नगद रकम और बैंक खातों को होल्ड किया था। इसी दौरान महाठग शिवा साहू के खाते से उसकी कथित मंगेतर रितु साहू के बैंक खाते में रकम ट्रांसफर होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद रितु साहू का खाता भी होल्ड कर दिया गया था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सारंगढ़ स्थित HDFC बैंक शाखा में फर्जी दस्तावेज से खाता खुलवाकर
होल्ड खाते से करीब 31 लाख रुपये की अवैध निकासी की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरसीवा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रितु साहू, उसके पिता चंद्रहास साहू और सहयोगी डिगम जोल्हे को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
देखना होगा कि इस बहुचर्चित ठगी मामले में और कौन-कौन से नाम सामने आते हैं।