छत्तीसगढ़रायपुर

छत्तीसगढ़ में सुशासन की नई पहल, जल्द शुरू होगा सीएम हेल्पलाइन नंबर

छत्तीसगढ़ की जनता को बड़ी राहत मिलने वाली है। प्रदेश में बहुत जल्द मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर की शुरुआत की जाएगी, जिसके जरिए आम नागरिक सीधे अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सुशासन एवं श्रम विभाग का गठन इसी उद्देश्य से किया गया है, ताकि जनता को एक पारदर्शी, जवाबदेह और निष्पक्ष सरकार मिल सके।
सीएम साय ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से छत्तीसगढ़ का कोई भी व्यक्ति अपनी शिकायत दर्ज करा सकेगा और उन शिकायतों का समयबद्ध एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। यह व्यवस्था शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करेगी, जिससे समस्याओं का समाधान तेजी से हो सकेगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का दायित्व केवल योजनाएं बनाना ही नहीं, बल्कि जनता की बात सुनना और उसका समाधान करना भी है। सीएम हेल्पलाइन के जरिए भ्रष्टाचार, लापरवाही और देरी पर भी प्रभावी अंकुश लगेगा। सरकार की इस पहल को छत्तीसगढ़ में सुशासन की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।