ग्रामीणों की मांग पर कलेक्टर ने दिखाई संवेदनशीलता

सारंगढ़-बिलाईगढ़/ जिले के बिलाईगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम सिंघीचूआ, रीकोटार और धाराशिवा के ग्रामीणों को एक निजी कंपनी की ओर से उनके मकान, जमीन खाली करने का नोटिस मिलने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। अपनी मांगों को लेकर सैकड़ों ग्रामीण आज जिला कलेक्टर के जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
ग्रामीणों ने बताया कि जिस भूमि पर वे वर्षों से अपने घर बनाकर रह रहे हैं, उसी जमीन को खाली करने का नोटिस मिलने से वे चिंतित हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और तत्काल एसडीएम एवं तहसीलदार को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल को बुलाकर उनकी बात संवेदनशीलता और गंभीरता से सुनी तथा अधिकारियों को ग्रामीणों की मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बावजूद ग्रामीण लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे और कलेक्टर से सीधे सामने आकर भरोसा दिलाने की मांग करते रहे।
स्थिति को देखते हुए एसडीएम और तहसीलदार ने ग्रामीणों को लिखित आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और उनकी बात शासन-प्रशासन तक पहुंचाई जाएगी। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए। वहीं जिला कलेक्टर ने भी आश्वस्त किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
