गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में पांच सूत्रीय मांगों को लेकर छात्रावास अधीक्षकों का सांकेतिक धरना-प्रदर्शन

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 12 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य छात्रावास अधीक्षक संघ के प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर आज जिले के छात्रावास अधीक्षकों ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल और धरना-प्रदर्शन किया। इस आंदोलन का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष श्री उदेश सिंह तोमर, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री पल्लव झा, प्रदेश सचिव श्री विनय कुमार टंडन, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री आशीष साहू एवं जिला अध्यक्ष श्री प्रीतू राज सिंह बिसेन ने किया।
संघ ने 24 घंटे की ड्यूटी को देखते हुए कार्य समय और अवकाश के निर्धारण, कैडर पुनर्गठन व विभागीय परीक्षा के माध्यम से पदोन्नति, प्रभारी अधीक्षकों को VSK उपस्थिति प्रणाली से छूट, HMS पोर्टल की व्यावहारिक समस्याओं के समाधान तथा न्यूनतम 24 दिन की उपस्थिति पर पूरे माह का मेस व मदवार बजट देने की मांग की। इस दौरान महिला अधीक्षिकाओं की पारिवारिक एवं आवासीय कठिनाइयों को भी प्रमुखता से रखा गया।
धरना स्थल पर छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के जिला संयोजक श्री एम.एस. मरावी एवं तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष श्री सचिन तिवारी ने पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
