एक फसल में दोहरा लाभ का खेल!
सेवा सहकारी समिति और बीज निगम बरमकेला में धान बिक्री से सरकार को करोड़ों का नुकसान

सारंगढ़-बिलाईगढ़ (छत्तीसगढ़):
जिले के बरमकेला क्षेत्र में धान खरीदी को लेकर एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कुछ किसानों ने एक ही फसल को दो अलग-अलग जगह—सेवा सहकारी समिति और बीज निगम केंद्र बरमकेला में बेचकर दोहरा लाभ लिया है, जिससे सरकार को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, किसानों द्वारा एक ही रकबा (खसरा) की उपज को अलग-अलग संस्थानों में दर्शाकर भुगतान लिया गया। यह पूरा खेल विभागीय स्तर पर मिलीभगत के बिना संभव नहीं माना जा रहा है। रिकॉर्ड में हेराफेरी और सत्यापन में लापरवाही के चलते यह गड़बड़ी लंबे समय से चल रही होने की आशंका है।
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, तो बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा उजागर हो सकता है और कई जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की नौबत आ सकती है।
मुख्य बिंदु:
एक ही फसल को दो जगह बेचकर लिया गया दोहरा लाभ
सेवा सहकारी समिति और बीज निगम दोनों में भुगतान
खसरा/रकबा विवरण में गड़बड़ी की आशंका
विभागीय सांठगांठ से सरकारी राजस्व को भारी नुकसान
⚫ प्रशासन की भूमिका:
मामले की गंभीरता को देखते हुए अब जांच की मांग तेज हो गई है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यह घोटाला और बड़ा रूप ले सकता है।
अब देखना होगा कि ख़बर प्रकाशित करने के बाद शासन प्रशासन इसमें क्या कुछ कार्यवाही करती है