छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

चार ट्रैक्टरों में सवार होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे सैकड़ों ग्रामीण, मधुबन जलाशय का मछलीपालन पट्टा निरस्त करने की मांग

सारंगढ़-बिलाईगढ़ (छत्तीसगढ़), 16 नवंबर 2026 तहसील सारंगढ़ अंतर्गत ग्राम मधुबन के सैकड़ों ग्रामीण आज चार ट्रैक्टरों में सवार होकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और गांव के जलाशय में हो रहे मछलीपालन का पट्टा निरस्त करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने ‘जय भैरव मछुवा सहकारी समिति मर्यादित, भौंरादादर’ पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए बताया कि समिति ने मछलीपालन के लिए जलाशय के गेट के सामने मिट्टी डालकर पानी जाम कर दिया है। कम बारिश के बावजूद सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलने से किसानों की धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
इसके अलावा, ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समिति द्वारा जलाशय में गोबर खाद डालने से पानी बेहद दूषित हो गया है, जिससे निस्तारी में परेशानी के साथ-साथ स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से समिति पर झूठी शिकायत कर नोटिस जारी करवाने का आरोप लगाते हुए, जनहित में तत्काल मछलीपालन की अनुमति निरस्त करने की मांग की है।