ब्रेकिंग न्यूज़: गौवंशों के साथ क्रूरता, रस्सियों से बांधकर 8 गौवंशों को नहर में फेंका, 7 को बचाया, एक की मौत।

छत्तीसगढ़ नागरिक सुरक्षा वेलफेयर फाउंडेशन ने दोषियों की गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की उठाई मांग।
छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ में गौवंशों के साथ क्रूरता का एक बेहद गंभीर और अमानवीय मामला सामने आया है। रायगढ़ रोड स्थित नहर में अज्ञात लोगों द्वारा 8 गोवंशों को रस्सियों से बांधकर फेंक दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही गौ-रक्षकों और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद 7 गोवंशों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक गौवंश की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 7 बजे वार्ड क्रमांक 3 के एक निवासी ने गौसेवा आयोग जिला सारंगढ़ की प्रभारी एवं छत्तीसगढ़ नागरिक सुरक्षा वेलफेयर फाउंडेशन की पदाधिकारी हेमन्ती भारती को सूचना दी कि कुछ लोगों ने 8 गौवंशों को रस्सियों से बांधकर नहर में फेंक दिया है।
सूचना मिलते ही हेमन्ती भारती ने संस्था के जिला अध्यक्ष, गौ-रक्षकों और पुलिस टीम को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस जवानों और गौ-रक्षकों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। सभी के संयुक्त प्रयासों से 7 गोवंशों की जान बचा ली गई, लेकिन एक गौवंश को नहीं बचाया जा सका।
इस घटना की जानकारी संस्था की संस्थापिका एवं प्रदेश अध्यक्ष सुश्री आरूती सिंह को भी दी गई। उन्होंने घटना पर नाराजगी जताते हुए इसे बेजुबान पशुओं के साथ गंभीर क्रूरता बताया और प्रशासन के संज्ञान में मामला लाकर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कराने के निर्देश दिए।
वहीं, छत्तीसगढ़ नागरिक सुरक्षा वेलफेयर फाउंडेशन ने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है। संस्था ने मांग की है कि अज्ञात आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की जाए और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाए।
संस्था का कहना है कि बेजुबान पशुओं के साथ इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिए। अब देखना होगा कि इस मामले में पुलिस और प्रशासन कब तक आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करते हैं।


