
रायपुर (छत्तीसगढ़) चक्रवात के कारण फसलों को हुए नुकसान को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रभावित किसानों को बड़ी राहत देने की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस संबंध में प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जिलों में चक्रवात से हुई फसल क्षति का जल्द से जल्द सर्वेक्षण (आकलन) पूरा कराएं।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि संकट की इस घड़ी में वह हर प्रभावित किसान के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सर्वेक्षण की रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी 6-4) के प्रावधानों के तहत उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत आने वाले पात्र किसानों को बीमा दावा राशि दिलाने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
