छत्तीसगढ़रायगढ़

घरघोड़ा में मध्यस्थता जागरूकता शिविर आयोजित

घरघोड़ा, 14 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार चल रहे मध्यस्थता अभियान (1 जुलाई से 7 अक्टूबर) के तहत आज घरघोड़ा में मध्यस्थता जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला न्यायाधीश जितेंद्र जैन के मार्गदर्शन तथा तालुका विधिक सेवा समिति घरघोड़ा के अध्यक्ष/न्यायाधीश शहाबुद्दीन कुरैशी के निर्देशन में संपन्न हुआ।

शिविर का संचालन विधिक स्वयंसेवक (पीएलव्ही) बालकृष्ण, लवकुमार चौहान एवं टीकम सिदार ने किया। सहायक जिला अभियोजन अधिकारी सत्यप्रकाश महिलाने ने उपस्थित लोगों को बताया कि मध्यस्थता प्रक्रिया से दीवानी, वैवाहिक, संपत्ति, व्यावसायिक एवं अन्य आपसी विवाद बातचीत और सुलह-समझौते के माध्यम से सरलता से निपटाए जा सकते हैं। इसमें किसी पक्ष की हार नहीं होती और अदालत की लंबी प्रक्रिया से बचाव होता है।

शिविर में पर्चे वितरित किए गए और वीडियो के माध्यम से मध्यस्थता की जानकारी दी गई। अभियान का प्रचार-प्रसार समाचारपत्र, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया, ग्राम पंचायतों, नगर निकायों व मुनादी के माध्यम से किया गया। इस दौरान आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 13 सितंबर के आयोजन की भी जानकारी दी गई।

रिपोर्टर – सुनील जोल्हे